राहुल के इंदौर दौरे से पहले दिलचस्प हलचल, खाने के सवाल से शादी के प्रपोजल तक

Madhya Bharat Desk
5 Min Read

इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम से पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर इंदौर के लोगों से पूछा, “कल क्या खिला रहे हैं, इंदौर? पोहा, जलेबी या कुछ और?” उनके इस सवाल पर लोगों ने दाल-बाटी, इंदौरी सेव और सेव-मिक्सचर समेत कई जवाब दिए।

वहीं, राहुल गांधी को सुनने के लिए दिल्ली से इंदौर पहुंची युवती देवोश्री मुखर्जी ने उनसे शादी करने की इच्छा जताई। युवती ने कहा कि वह राहुल गांधी को प्रपोज करने आई है।

कल इंदौर में होगा ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम

राहुल गांधी इंदौर के भारत जोड़ो ग्राउंड में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। डोम और मंच तैयार हो चुके हैं। मंच पर फीस, रोजगार और छात्रों की समस्याओं से जुड़े पोस्टर लगाए गए हैं।

मुख्य पोस्टर पर लिखा है, “घोटालों का घेरा है, तभी भविष्य अंधेरा है।” इसके अलावा “फीस बढ़ी, मुश्किल हुई पढ़ाई, छात्र पूछें कब होगी सुनवाई?” और “स्कूल है पर पढ़ाई नहीं, डिग्री है पर कमाई नहीं” जैसे स्लोगन भी लगाए गए हैं।

युवती बोली- कैटरीना डेट करना चाहती थीं तो मैं क्यों नहीं?

कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली से इंदौर आईं देवोश्री मुखर्जी ने राहुल गांधी से शादी करने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि अगर अभिनेत्री कैटरीना कैफ राहुल गांधी को डेट करना चाहती थीं, तो एक आम लड़की भी उनसे शादी की इच्छा रख सकती है।

देवोश्री ने कहा कि राहुल गांधी जिन मुद्दों को उठाते हैं, उनका युवाओं पर असर पड़ता है। इसी वजह से वह उन्हें सुनने के लिए दिल्ली से इंदौर आई हैं। युवती ने यह भी दावा किया कि कई लड़कियां राहुल गांधी को खुले मंच से प्रपोज करना चाहती हैं। हालांकि, यह उनका व्यक्तिगत विचार और दावा है।

300 फीट का पोस्टर लेकर सड़कों पर निकले युवा

राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर सैकड़ों युवा 300 फीट का पोस्टर लेकर सड़कों पर निकले। यह पोस्टर NSUI के प्रदेश प्रभारी रवि दांगी और राज पटेल के नेतृत्व में तैयार किया गया। पोस्टर के साथ भंवरकुआं क्षेत्र में रैली निकाली गई और युवाओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई।

रवि दांगी ने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जेन-जी के युवा शामिल होंगे।

 ऐसा रहेगा राहुल गांधी का कार्यक्रम

  • दोपहर 2 बजे: इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
  • दोपहर 2:30 बजे: होटल रेडिसन पहुंचने का कार्यक्रम।
  • शाम 6 बजे: होटल से सभा स्थल के लिए रवाना होंगे।
  • शाम 6:45 बजे: रीजनल पार्क स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।
  • रात 9 बजे: कार्यक्रम स्थल से रवाना होंगे।

कार्यक्रम में राहुल गांधी छात्रों से संवाद करेंगे। इसके साथ ही सिंगर राघव चैतन्य की प्रस्तुति भी होगी।

7 एंट्री गेट, छात्रों और छात्राओं के लिए अलग व्यवस्था

कार्यक्रम स्थल पर कुल 7 एंट्री गेट बनाए गए हैं। रीजनल पार्क के सामने VIP के लिए 2 और VVIP के लिए 1 अलग गेट रहेगा। छात्रों और छात्राओं के लिए भी अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाए गए हैं।

मुख्य डोम में मंच के सामने दाईं ओर छात्रों और बाईं ओर छात्राओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। राहुल गांधी और कार्यक्रम में शामिल होने वाले कलाकारों के लिए पीछे की तरफ से अलग रास्ता रखा गया है।

120 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात

मुख्य डोम के अलावा जेन-जी और अन्य प्रतिभागियों के लिए ओपन ग्राउंड भी तैयार किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर 30 अस्थायी शौचालय बनाए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था में 15 पुरुष गार्ड, 15 महिला गार्ड, 30 महिला बाउंसर, 50 पुरुष बाउंसर और 18 ट्रैफिक मार्शल तैनात रहेंगे।

इन सामानों के साथ नहीं मिलेगी एंट्री

सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम स्थल पर कुछ सामान ले जाने पर रोक रहेगी। इनमें शामिल हैं: पानी की बोतल, कोल्ड ड्रिंक, बैग, लैपटॉप, हेलमेट, ड्रोन, इंजेक्शन, सिगरेट, लाइटर और चाकू। प्रतिबंधित सामानों की सूची के बैनर भी कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment