रायपुर।उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे। वे राजधानी रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर मुख्य सचिव विकास शील ने बुधवार को मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति के दौरे से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं तय प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार समय पर पूरी की जाएं।
उन्होंने एयरपोर्ट से एम्स तक उपराष्ट्रपति के आवागमन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर रखने के साथ ही प्रवेश और निकासी की पूरी योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्य सचिव ने गृह विभाग को जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और कार्यक्रम स्थल पर जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।





