रायपुर में आज 3 घंटे ट्रैफिक डायवर्ट! तिरंगा यात्रा के चलते कई सड़कें रहेंगी बंद

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रायपुर में आज 10 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। इस दौरान यात्रा वाले मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक यात्रा

तिरंगा यात्रा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर गणेश मंदिर तिराहा, बूढ़ापारा बिजली ऑफिस, नगर निगम भवन, महिला थाना चौक और फायर ब्रिगेड चौक होते हुए सुभाष स्टेडियम पहुंचेगी। यात्रा के दौरान पूरे रूट पर यातायात प्रभावित रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस दौरान अनावश्यक रूप से इन रास्तों पर जाने से बचें।

10 से 1 बजे तक रहेगा डायवर्जन

यात्रा और भीड़ को देखते हुए करीब तीन घंटे तक संबंधित मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा। वाहन चालकों से पुलिस के निर्देशों का पालन करने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।

इन रास्तों से निकल सकेंगे वाहन

  • बूढ़ेश्वर चौक से बूढ़ापारा: परिक्रमा पथ, पुलिस लाइन गेट और कालीबाड़ी मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा।
  • शास्त्री चौक से महिला थाना: बंजारी चौक, राजभवन चौक, कालीमाई तिराहा, ओसीएम चौक और कालीबाड़ी मार्ग से जा सकेंगे।
  • कालीबाड़ी से कोतवाली चौक:महिला थाना चौक, ओसीएम चौक, काली माता मंदिर तिराहा, राजभवन चौक और घड़ी चौक मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
  • सदर बाजार और कोतवाली क्षेत्र:कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती, बूढ़ेश्वर चौक और पुलिस लाइन गेट से आवाजाही की जा सकेगी।

तिरंगा यात्रा में आने वालों के लिए पार्किंग

यात्रा में शामिल होने वाले लोगों के लिए बूढ़ा तालाब गार्डन, इंडोर स्टेडियम के पीछे मैदान, परिक्रमा पथ बूढ़ा तालाब और महाराजबंद तालाब के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वाहन पार्क करने के बाद लोगों को पैदल यात्रा स्थल तक पहुंचना होगा।

यातायात पुलिस की अपील

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले अपने रूट की योजना बना लें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें। साथ ही सड़क किनारे या किसी अनधिकृत स्थान पर वाहन पार्क न करें। पुलिस के मुताबिक, यह अस्थायी व्यवस्था तिरंगा यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए की गई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment