सीएम विष्णुदेव साय बोले—विपक्ष के खिलाफ विधानसभा में विशेष सत्र बुलाकर निंदा प्रस्ताव लाएंगे

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने को लेकर भाजपा ने राजधानी रायपुर में सोमवार को जोरदार जनआक्रोश रैली निकाली। भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में निकली यह रैली बलबीर जुनेजा इंडोर स्टेडियम से शुरू होकर सुभाष स्टेडियम तक पहुंची, जहां बड़ी सभा का आयोजन किया गया।

रैली को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक मौका विपक्षी दलों ने गंवा दिया और देश की करोड़ों महिलाओं के साथ धोखा किया है। सीएम ने ऐलान किया कि इस मुद्दे पर राज्य विधानसभा में एक दिन का विशेष सत्र बुलाया जाएगा, जिसमें विपक्ष के रुख की निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर भी एक महिला आसीन हैं, जो महिला सशक्तिकरण का बड़ा उदाहरण है।

सभा में मौजूद भाजपा नेताओं ने भी विपक्ष पर महिला हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। जनआक्रोश यात्रा में प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, डिप्टी सीएम अरुण साव, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद रूपकुमारी चौधरी, कमलेश जांगड़े और लक्ष्मी वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।

रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी देखने को मिली, जिन्होंने महिला आरक्षण के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की और विपक्ष के खिलाफ नाराजगी जताई

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment