रायपुर में ब्लू वॉटर हादसा: मस्ती करने गए दो स्कूली छात्र पानी में डूबे, एसडीआरएफ की टीम कर रही तलाश

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

राजधानी रायपुर से एक दुखद खबर सामने आई है। माना थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित ब्लू वॉटर में नहाने गए दो स्कूली छात्रों के डूबने की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार,  सभी छात्र आपस में मौज-मस्ती करने एयरपोर्ट के पास स्थित ब्लू वॉटर पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान 10वीं कक्षा के छात्र जयेश साहू और मृदुल वंजाऱ्या गहरे पानी में चले गए और डूब गए। दोनों छात्रों को तैरना नहीं आता था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही माना थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। देर शाम तक दोनों छात्रों की तलाश जारी रही। आस पास के लोग अपने स्तर पर  सरकार से  पहले भी ब्लू वाटर को घेरा बंदी करने की मांग कर चुके हैं वहां पहले भी ऐसी घटनाएं घटित हो चुकी है पर प्रशासन के नजरअंदाज के चलते ये घटनाएं क्रमशः घटित हो रही है

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बाकी छात्रों ने तत्काल मदद के लिए शोर मचाया और आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही छात्रों के परिजन भी मौके पर पहुंचे, जिससे वहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।

यह घटना न केवल एक दर्दनाक हादसा है, बल्कि यह समाज के लिए एक चेतावनी भी है कि सुरक्षा की अनदेखी और लापरवाही कितनी बड़ी त्रासदी का कारण बन सकती है। स्कूली बच्चों को इस तरह के खतरनाक स्थानों पर जाने से पहले उचित मार्गदर्शन देना आवश्यक है ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment