इंतजार खत्म! CGPSC SI प्रीलिम्स रिजल्ट जारी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने गृह (पुलिस) विभाग के तहत सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा के प्रीलिम्स का रिजल्ट जारी कर दिया है।

आयोग ने मेन्स परीक्षा के लिए कुल 7301 अभ्यर्थियों का चयन किया है। यह भर्ती 341 पदों के लिए की जा रही है। प्रीलिम्स परीक्षा 12 जुलाई 2026 को प्रदेश के 33 जिलों में बनाए गए 183 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी। अब चयनित अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा की तैयारी में जुट गए हैं।

आयोग के मुताबिक, मेन्स के लिए चयन प्रीलिम्स परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर किया गया है। चयनित उम्मीदवारों की सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है, जहां अभ्यर्थी अपना रिजल्ट देख सकते हैं।

CGPSC ने बताया कि सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती-2024 की मुख्य परीक्षा 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मेन्स परीक्षा में शामिल होने के लिए चयनित अभ्यर्थियों को अलग से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इससे जुड़ी विस्तृत जानकारी जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

आयोग के अनुसार, मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद सफल अभ्यर्थियों को फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। फिजिकल की तारीख और अन्य जरूरी दिशा-निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे।

आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचना पर ही भरोसा करें और किसी भी तरह की अफवाहों से बचें।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment