अचानक बदले बाबा के सुर! दीपक बैज की जमकर तारीफ

Madhya Bharat Desk
4 Min Read

जगदलपुर।छत्तीसगढ़ कांग्रेस में अगर वरिष्ठ और युवा नेताओं के बीच ऐसा ही तालमेल बना रहा, तो पार्टी के लिए आगे का रास्ता आसान हो सकता है। इसकी वजह यह है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के कामकाज की उनके आलोचक माने जाने वाले वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव (बाबा) ने खुलकर तारीफ की है। बाबा ने कहा कि दीपक बैज ने प्रदेश में कांग्रेस संगठन को गांव-गांव तक मजबूत किया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में दीपक बैज ने तीन साल पूरे कर लिए हैं। इस दौरान पार्टी ने कई उतार-चढ़ाव भी देखे और कई बार अंदरूनी मतभेद भी सामने आए। पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव समेत कुछ बड़े नेताओं की नाराजगी भी समय-समय पर देखने को मिली। हालांकि अब दिल्ली से लौटने के बाद बाबा के सुर बदले हुए नजर आए।

मीडिया से बातचीत में टीएस सिंहदेव ने दीपक बैज के काम की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि बैज लगातार जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। संगठन सृजन अभियान को उन्होंने छत्तीसगढ़ में सफल बनाया है। बूथ, गांव, ब्लॉक और जिला स्तर तक कांग्रेस का नेटवर्क पहले से ज्यादा मजबूत हुआ है।

बाबा ने कहा कि दीपक बैज में नेतृत्व करने की क्षमता है। उनका व्यवहार अच्छा है और वे सभी को साथ लेकर चलने की कोशिश करते हैं। उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने कई बड़े आंदोलन किए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं या आम लोगों के साथ कहीं भी प्रशासनिक या राजनीतिक अन्याय होता है तो दीपक बैज तुरंत उनके समर्थन में खड़े दिखाई देते हैं। यही वजह है कि कार्यकर्ता पूरे मन से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं और आम लोगों का कांग्रेस पर भरोसा भी बढ़ा है। उन्होंने दीपक बैज को तीन साल का सफल कार्यकाल पूरा करने पर शुभकामनाएं भी दीं।

दिल्ली में नेतृत्व परिवर्तन की कोई चर्चा नहीं

टीएस सिंहदेव ने यह बातें उस समय कहीं जब मीडिया ने उनसे दीपक बैज के तीन साल के कार्यकाल पर प्रतिक्रिया मांगी। उन्होंने कहा कि दीपक बैज ऊर्जावान नेता हैं और उनके काम, संगठन क्षमता व व्यवहार पर सवाल उठाने की कोई वजह नहीं है।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं पर सिंहदेव ने साफ कहा कि वे अभी दिल्ली से लौटे हैं और वहां ऐसी कोई हलचल देखने को नहीं मिली। उन्होंने बताया कि कांग्रेस हाईकमान इस समय पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे चुनावी राज्यों पर ध्यान दे रहा है। इसके बाद 2028 के छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर फोकस किया जाएगा।

टीएस सिंहदेव के इस बयान से यह संकेत भी माना जा रहा है कि फिलहाल कांग्रेस हाईकमान प्रदेश नेतृत्व में किसी बदलाव के मूड में नहीं है और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी दीपक बैज के नेतृत्व में ही आगे बढ़ सकती है। वहीं राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राजनीति में विरोधियों की तारीफ भी कई बार अपने आप में अलग तरह के संकेत देती है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment