सट्टे के पैसों का मुंबई कनेक्शन!

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

महादेव सट्टा मामले की जांच में अब मुंबई की म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़ा कनेक्शन सामने आया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को शक है कि सट्टे से कमाई गई रकम को म्यूजिक कंपनी और अन्य कारोबारों के जरिए ठिकाने लगाने की कोशिश की गई। जांच के दायरे में दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित आए हैं, जिन्हें मुंबई स्थित एक म्यूजिक कंपनी का सह-संस्थापक बताया जा रहा है।

ईडी का आरोप है कि हिमांशु शेखर ने महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से कथित तौर पर 15 करोड़ रुपये से अधिक रकम ली। एजेंसी के मुताबिक, यह रकम कानूनी मामलों में राहत दिलाने और जजों, सरकारी वकीलों तथा अधिकारियों से संपर्क कराने के नाम पर दी गई थी। हिमांशु शेखर ने 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप खारिज करते हुए केवल 65 लाख रुपये पेशेवर फीस के रूप में पाने का दावा किया है।

बताया जा रहा है कि हिमांशु शेखर वर्ष 2023 में सौरभ चंद्राकर के संपर्क में आए थे। इसके बाद दोनों के बीच कथित बातचीत और लेन-देन हुआ। ईडी के अनुसार, अक्टूबर 2023 में 15 करोड़ रुपये की रकम देने का दावा किया गया है, जिसके बाद दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच कई किस्तों में भुगतान होने की बात सामने आई है।

हिमांशु शेखर का नाम मुंबई स्थित म्यूजिक और एलबम निर्माण कंपनी ओएसएम रिकॉर्ड्स से जोड़ा जा रहा है। ईडी अब इस कंपनी के वित्तीय रिकॉर्ड, कॉर्पोरेट दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े सबूतों की जांच कर रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि सट्टे से कमाई गई रकम कहां और किस तरह इस्तेमाल हुई।

एजेंसी को शक है कि रायपुर और बिलासपुर में सट्टे से कमाई गई रकम को होटल, क्लब, रेस्टोरेंट तथा मनोरंजन समेत अलग-अलग कारोबारों में निवेश कर वैध आय के रूप में पेश करने की कोशिश की गई। जांच में रायपुर में करीब 200 करोड़ रुपये के निवेश के सुराग भी सामने आए हैं।

इस मामले में ईडी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। एजेंसी हिमांशु शेखर की विदेश यात्राओं, हवाला लेन-देन और म्यूजिक कंपनी से जुड़े आर्थिक सौदों की भी गहराई से पड़ताल कर रही है।

महादेव ऑनलाइन बुक मामले में अवैध ऑनलाइन सट्टा, मनी लॉन्ड्रिंग और भ्रष्टाचार के आरोप हैं। ईडी का कहना है कि इस नेटवर्क का संचालन दुबई से सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के नेतृत्व में किया जाता था।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment