रायपुर।राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा शुक्रवार को एक सड़क हादसे में घायल हो गईं। बलौदाबाजार में एक कार्यक्रम में शिरकत के बाद वे रायपुर लौट रही थीं, तभी खरोरा के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सांसद के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जिसके बाद उन्हें रायपुर एम्स के प्राइवेट वार्ड में भर्ती कराया गया है।
हादसे के समय सांसद की कार में उनके बेटे, गनमैन और ड्राइवर भी सवार थे। दुर्घटना में गनमैन और ड्राइवर को भी चोटें आई हैं। ड्राइवर को सीने पर चोट लगने की बात कही जा रही है। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सांसद को रायपुर एम्स रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि सांसद की कार दुर्घटना से कुछ देर पहले उसी मार्ग पर एक अन्य हादसा हो चुका था। रायपुर से खरोरा जा रही एक कार की खरोरा से रायपुर की ओर आ रहे ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हुई थी। इस घटना में भी कई लोगों के घायल होने की सूचना है, जिन्हें खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
दोनों हादसों की सूचना मिलते ही खरोरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस दुर्घटनाओं के कारणों, घटनाक्रम और शामिल वाहनों की जांच कर रही है।






