अवसरों का राजमार्ग बना बजट 2026-27, बालोद भाजपा नेताओं ने पीएम मोदी को सराहा

Madhya Bharat Desk
4 Min Read

बालोद।केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर बालोद जिले में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ प्रतिक्रिया दी। जिला मुख्यालय स्थित कलाकेंद्र में बालोद मंडल एवं जुंगेरा मंडल के संयुक्त तत्वावधान में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट भाषण का सीधा प्रसारण देखा और सुना गया। इसके पश्चात भाजपा नेताओं ने इसे विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देने वाला ऐतिहासिक बजट बताया।

प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने बजट को जन-आकांक्षाओं के अनुरूप बताते हुए कहा कि यह बजट सार्वजनिक निवेश को बढ़ावा देने, सुदृढ़ वित्तीय प्रबंधन, कृषि एवं ग्रामीण विकास, उद्योगों के विस्तार और रोजगार सृजन की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा।

मेडिकल कॉरपोरेशन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मास्क ने कहा कि यह बजट विकसित भारत की मजबूत आधारशिला है। इससे आधारभूत ढांचा सशक्त होगा और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था लगभग 7 प्रतिशत की दर से आगे बढ़ रही है। नदियों के माध्यम से जल परिवहन को प्रोत्साहित करने की योजना से परिवहन लागत घटेगी और महंगाई पर नियंत्रण संभव होगा।

जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बजट को “अवसरों का राजमार्ग” बताते हुए कहा कि भारत का लक्ष्य केवल तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनना नहीं, बल्कि विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना है। बजट में रिफॉर्म्स को नई गति दी गई है और सनराइज सेक्टर, रेयर अर्थ कॉरिडोर, क्रिटिकल मिनरल्स, हाईटेक मैन्युफैक्चरिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर, हाई-स्पीड रेल और डेटा सेंटर हब जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया गया है।

प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णकांत पवार ने इसे “युवा शक्ति बजट” बताते हुए कहा कि ऑरेंज इकोनॉमी, पर्यटन, खेलो इंडिया और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों से युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, जिला उपाध्यक्ष भुवनेश्वरी ठाकुर एवं महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष डॉ. मोना टुवानी ने कहा कि महिलाओं के स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने, प्रत्येक जिले में गर्ल्स हॉस्टल निर्माण, डेयरी और कृषि क्षेत्र को प्रोत्साहन देने जैसे प्रावधान सामाजिक सशक्तिकरण को नई दिशा देंगे। यह बजट स्किल, स्केल और सस्टेनेबिलिटी को मजबूत करने के साथ-साथ फिस्कल डेफिसिट को नियंत्रित करने वाला संतुलित बजट है।

पूर्व जिला अध्यक्ष पवन साहू ने कहा कि बजट मध्यम वर्ग को राहत देने वाला है। 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय पर आयकर से छूट, वेतनभोगियों के लिए मानक कटौती बढ़ाकर 75 हजार रुपये और वरिष्ठ नागरिकों के लिए कर छूट की सीमा 1 लाख रुपये करना स्वागतयोग्य निर्णय हैं।

पूर्व विधायक प्रीतम साहू ने कहा कि लिथियम आयरन बैटरी सहित 12 महत्वपूर्ण खनिजों पर सीमा शुल्क समाप्त होने से ईवी और इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद सस्ते होंगे। वहीं राज्यों को आधारभूत ढांचे के विकास के लिए 1.5 लाख करोड़ रुपये का 50 वर्षों के लिए ब्याज मुक्त ऋण जारी रखना दूरदर्शी निर्णय है।

प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज संपन्न और जनजातीय बहुल राज्य है, इसलिए केंद्र सरकार का विशेष ध्यान कनेक्टिविटी, जनजातीय कल्याण और औद्योगिक विकास पर केंद्रित है, जिससे राज्य को नई विकास संभावनाएं मिलेंगी।

पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 समावेशी विकास को सुनिश्चित करते हुए छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश को आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध बनाने की दिशा में मजबूत कदम है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment