दुर्ग/धमतरी। छत्तीसगढ़ में मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एक साथ कई जगहों पर कार्रवाई से हलचल मच गई। दुर्ग में पटवारी संघ के पूर्व प्रांतीय पदाधिकारी कमलेश राजपूत के घर ED की टीम जांच कर रही है। वहीं धमतरी में नगर निगम के पूर्व उपायुक्त पंकज शर्मा के किराए के मकान पर भी ED अधिकारियों ने दबिश दी है।
दुर्ग के सिकोला भाठा स्थित बंगाली कॉलोनी में कमलेश राजपूत के घर पर ED की टीम दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। दूसरी ओर धमतरी के अमलतास पुरम स्थित पंकज शर्मा के ठिकाने पर भी सुबह से जांच जारी है।
एक ही दिन दोनों जगह कार्रवाई
खास बात यह है कि दोनों ठिकानों पर ED की कार्रवाई मंगलवार सुबह लगभग एक ही समय पर शुरू हुई। हालांकि, अभी तक ED की ओर से आधिकारिक तौर पर यह साफ नहीं किया गया है कि दोनों जगहों पर चल रही जांच किस मामले से जुड़ी है।
फिलहाल अधिकारी दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच में जुटे हैं। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि ED की जांच का पूरा मामला क्या है और इसके पीछे क्या वजह है।





