कमलनाथ का MP सरकार पर हमला, बोले- किसानों से किए वादे तुरंत पूरे करे भाजपा

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा सरकार पर किसानों से किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में किसानों के आंदोलन के दौरान सरकार ने मूंग की 60 प्रतिशत उपज खरीदने और खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया था, लेकिन कुछ ही दिनों में हालात फिर पहले जैसे हो गए हैं।

कमलनाथ ने दावा किया कि प्रदेश में किसान खाद के लिए लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि खाद वितरण केंद्र पर लाइन में लगी एक महिला बेहोश होकर गिर पड़ी। साथ ही, मूंग खरीद को लेकर किया गया सरकारी वादा भी पूरा होता नहीं दिख रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के आक्रोश को झूठे वादों से दबाया नहीं जा सकता। इससे किसानों की नाराजगी और बढ़ेगी। उन्होंने अपनी 15 महीने की सरकार का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया गया था, फसल नुकसान पर तत्काल मुआवजे की घोषणा की गई थी और किसानों की मांगों पर गंभीरता से अमल किया गया था।

कमलनाथ ने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार में किसानों को हर स्तर पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से किसानों से किए गए सभी वादे तत्काल पूरे करने और उन्हें दोबारा आंदोलन के लिए मजबूर न करने की मांग की।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment