250 टन लोहा चोरी मामले में बड़ी कार्रवाई, भाजपा कोषाध्यक्ष भास्कर मुदलियार गिरफ्तार

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से करीब 250 टन लोहा चोरी के चर्चित मामले में पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए स्क्रैप कारोबारी भास्कर मुदलियार उर्फ बाचू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। भास्कर वैशाली नगर मंडल में भाजपा कोषाध्यक्ष के पद पर कार्यरत था। गिरफ्तारी की जानकारी सामने आते ही भाजपा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे 6 वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया।

पुलिस प्रवक्ता सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार, जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद भास्कर मुदलियार को शनिवार सुबह उसके घर के पास से हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

जांच में सामने आए अहम खुलासे

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि हथखोज स्थित जिस गोदाम में पहली बार छापा मारकर चोरी का लोहा बरामद किया गया था, वहां से भास्कर का एक ट्रक भी मिला था। मामले के मुख्य आरोपी संजय सिंह और आकाश ने पूछताछ में बताया कि वे भिलाई स्टील प्लांट से चोरी किया गया लोहा 34 से 38 रुपये प्रति किलो की दर से भास्कर को बेचते थे।

शुरुआत में संजय सिंह अन्य कबाड़ियों को भी चोरी का माल बेचता था, लेकिन बाद में पूरी खेप केवल भास्कर को ही सप्लाई की जाने लगी। पुलिस के मुताबिक, भास्कर स्क्रैप ट्रेडिंग की आड़ में अपनी ट्रांसपोर्ट कंपनी के वाहनों से चोरी का लोहा रायपुर की एक बड़ी फर्म सहित अन्य राज्यों तक पहुंचाता था।

कॉल डिटेल से मिले पुख्ता सबूत

जांच के दौरान आरोपी आकाश की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) में भी भास्कर मुदलियार से लगातार संपर्क के प्रमाण मिले हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्य चोरी का काम करते थे, जबकि चोरी के माल को खपाने और आगे बेचने की मुख्य जिम्मेदारी भास्कर निभाता था।

अब तक 17 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई स्टील प्लांट लोहा चोरी मामले में पुलिस अब तक मुख्य आरोपी संजय सिंह समेत 17 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। भास्कर मुदलियार इस मामले का 17वां आरोपी है।

हथखोज का संदिग्ध गोदाम इसी वर्ष फरवरी में शुरू किया गया था, जहां से पूरे चोरी के नेटवर्क का संचालन किया जा रहा था। पुलिस अब इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment