राजधानी के जे.आर. दानी शासकीय कन्या उत्कृष्ट हिंदी विद्यालय में शनिवार को साइकिल वितरण, प्रतिभा सम्मान एवं नव-नियुक्त बाल कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल शामिल हुए। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ जीवन में सकारात्मक सोच, निरंतर प्रयास और नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाना नहीं, बल्कि जीवन में बेहतर इंसान बनना है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि यदि कभी पढ़ाई में कम अंक आएं या विपरीत परिस्थितियां सामने आएं तो निराश होने की बजाय लगातार प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास से मिलती है तथा आज खेल, कला और संगीत जैसे क्षेत्रों में भी बेहतर अवसर उपलब्ध हैं।

उन्होंने छात्राओं को दिखावे की प्रतिस्पर्धा से बचने और ज्ञान व शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इस दौरान सांसद ने छात्राओं से संवाद करते हुए सामान्य ज्ञान के प्रश्न पूछे और उनके भविष्य के लक्ष्यों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान सांसद ने विद्यालय के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने विद्यालय के ऑडिटोरियम के विस्तार के लिए ₹50 लाख तथा आधुनिक कंप्यूटर लैब की स्थापना के लिए ₹20 लाख देने की घोषणा की। कंप्यूटर लैब के लिए ₹10 लाख सांसद निधि और ₹10 लाख विधायक निधि से उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस अवसर पर मेधावी छात्राओं को साइकिल, पाठ्य सामग्री और गणवेश वितरित किए गए। साथ ही छात्रसंघ एवं बाल कैबिनेट के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत ‘उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम’ की शपथ भी दिलाई गई, जिसके माध्यम से छात्राओं को निरक्षरता उन्मूलन के अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया तथा छात्राओं के स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ओपन जिम का लोकार्पण भी किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य हितेश दीवान, शाला समिति अध्यक्ष राजेश जैन, जोन अध्यक्ष मुरली शर्मा, अंबर अग्रवाल, सचिन मेघानी, मंडल अध्यक्ष संतोष सोनी सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






