रायपुर।छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय वन सेवा (IFS) के वरिष्ठ अधिकारी ओपी यादव को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। राज्य सरकार ने उन्हें प्रमोट करते हुए प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव प्रबंधन एवं जैव विविधता संरक्षण) सह मुख्य वन्यजीव वार्डन नियुक्त किया है। इस संबंध में वन विभाग ने शनिवार को आधिकारिक आदेश जारी कर दिया।
ओपी यादव वर्ष 1995 बैच के IFS अधिकारी हैं। इससे पहले वे अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक और प्रभारी प्रधान मुख्य वन संरक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। अब पदोन्नति के बाद उन्हें विभाग की नियमित जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
सरकार के आदेश के अनुसार, कार्यभार संभालने की तारीख से ओपी यादव को HAG+ (लेवल-16) वेतनमान का लाभ मिलेगा। इस वेतनमान के तहत उनका वेतन ₹2,05,400 से ₹2,24,400 के बीच होगा।

उन्हें अगले आदेश तक प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव प्रबंधन एवं जैव विविधता संरक्षण) सह मुख्य वन्यजीव वार्डन के पद पर पदस्थ किया गया है। उनका कार्यालय अरण्य भवन, नवा रायपुर अटल नगर में रहेगा।
वन विभाग में इस पदोन्नति को अहम प्रशासनिक बदलाव माना जा रहा है। अब प्रदेश में वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता के संरक्षण और वन प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों की जिम्मेदारी ओपी यादव के कंधों पर होगी।





