युवा कांग्रेस अध्यक्ष रेस: दिल्ली में 35 दावेदारों का इंटरव्यू

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव को लेकर माहौल काफी गरम हो गया है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को प्रदेशभर से करीब 35 दावेदारों को दिल्ली बुलाकर इंटरव्यू लिया गया। इनमें पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के बेटे आदित्य भगत, पूर्व विधायक अरुण वोरा के बेटे संदीप वोरा और कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील समेत कई नाम शामिल रहे।

सूत्रों के मुताबिक, पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के भतीजे आदित्येश्वरशरण सिंहदेव को भी इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था, लेकिन उन्होंने साफ बता दिया कि वे इस चुनाव में हिस्सा नहीं लेना चाहते।

युवक कांग्रेस की राष्ट्रीय इकाई ने संगठन में सक्रिय और काम करने वाले नेताओं को छांटकर यह इंटरव्यू कराया। इंटरव्यू पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब और प्रभारी मनीष शर्मा ने लिया।

इसके अलावा बलौदाबाजार-भाटापारा के जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र बंजारे, बिलासपुर के माघवेन्द्र गंगोत्री, लोकेश वशिष्ठ, बस्तर के जीशान कुरैशी, हनी बग्गा और सोनू शर्मा समेत कई अन्य नेताओं का भी इंटरव्यू हुआ।

बताया जा रहा है कि इंटरव्यू में पास होने वाले उम्मीदवारों को ही आगे चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा। अध्यक्ष पद के साथ 12 उपाध्यक्ष पदों के लिए भी चुनाव होना है।

अगले दो-तीन दिनों में योग्य उम्मीदवारों की सूची जारी हो सकती है और चुनाव 1 से 5 जुलाई के बीच कराए जाने की संभावना है। नामांकन प्रक्रिया 21 से 25 जून तक चलेगी।

पार्टी के अंदर इस चुनाव को लेकर बड़े नेताओं की भी नजर बनी हुई है। चर्चा है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील का समर्थन कर सकते हैं, जबकि भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का झुकाव नरेंद्र बंजारे की ओर बताया जा रहा है। हालांकि पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने अभी तक अपना रुख साफ नहीं किया है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment