दीपावली से पहले रायपुर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, अन्नपूर्णा एग्रो का लाइसेंस निलंबित

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

दीपावली के त्योहारी सीजन में मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए रायपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय दल ने शहर के अलग-अलग इलाकों में फैक्ट्रियों, फास्ट फूड आउटलेट और मिठाई की दुकानों पर दबिश देकर कई खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए हैं।

भनपुरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित अन्नपूर्णा एग्रो पर जांच के दौरान अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रतिष्ठान का लाइसेंस तीन दिनों के लिए निलंबित कर दिया है। विभाग के अनुसार, निलंबन की अवधि में फैक्ट्री में किसी भी प्रकार का उत्पादन और बिक्री नहीं की जा सकेगी।

जांच के दौरान अन्नपूर्णा एग्रो से चना दाल का नमूना भी लिया गया है, जिसे गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद यह तय होगा कि प्रतिष्ठान के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।

इसी कड़ी में विभागीय टीम ने मैग्नेटो मॉल स्थित KFC आउटलेट पर भी दबिश दी। वहां से राइस बॉल का सैंपल लिया गया, ताकि फास्ट फूड में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता की जांच की जा सके।

खाद्य सुरक्षा टीम ने शहर के प्रसिद्ध अग्रवाल मिठाईवाला की दुकान में भी निरीक्षण किया। त्योहार के मौके पर सबसे अधिक बिकने वाले पेड़ा और डोडा बर्फी के नमूने जब्त किए गए हैं। इन मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाले मावा और अन्य सामग्री की शुद्धता की प्रयोगशाला में जांच की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट में नमूने फेल पाए जाने पर संबंधित दुकानों और कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा को लेकर जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment