रायपुर।छत्तीसगढ़ को हरा-भरा बनाने और पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृ सम्मान का संदेश देने के लिए वन विभाग ने एक नई पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की परिकल्पना “हरियर छत्तीसगढ़” और “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत रायपुर नगर निगम क्षेत्र में अब पौधों का वितरण एक नए अंदाज में किया जाएगा।
वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन और प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरुण कुमार पांडे के निर्देशन में रायपुर वनमंडल ने “नेचर्स ए.टी.एम.” (Nature’s ATM) नाम से एक विशेष चलित पौधा वितरण वाहन शुरू किया है।


वन मंत्री केदार कश्यप ने नया रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास से इस वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
क्या है ‘नेचर्स ए.टी.एम.’?
जिस तरह एटीएम से आसानी से पैसे निकाले जाते हैं, उसी तरह यह ‘नेचर्स ए.टी.एम.’ वाहन रायपुर शहर के सभी 70 वार्डों में घूम-घूमकर लोगों को बिल्कुल मुफ्त पौधे उपलब्ध कराएगा।

इस वाहन के जरिए लोगों को फलदार, घनी छाया देने वाले और अधिक ऑक्सीजन देने वाले पौधे दिए जाएंगे। इसका उद्देश्य शहर में हरियाली बढ़ाना, स्वच्छ वातावरण तैयार करना और लोगों को अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगाने व उसकी देखभाल के लिए प्रेरित करना है।
वन मंत्री केदार कश्यप ने क्या कहा?
कार्यक्रम के दौरान वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पेड़-पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ा उपहार हैं। मां के सम्मान में लगाया गया एक पौधा केवल मातृ प्रेम का प्रतीक नहीं है, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण की भी सेवा करता है। उन्होंने कहा कि रायपुर वनमंडल की यह पहल शहर के हर नागरिक तक हरियाली पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस मौके पर वन विभाग और रायपुर वनमंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वन विभाग ने शहरवासियों से अपील की है कि वे ‘नेचर्स ए.टी.एम.’ से पौधे लेकर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़ें और रायपुर को अधिक हरा-भरा एवं स्वच्छ बनाने में अपना योगदान दें।






