रायपुर में कांग्रेस-BJP झड़प से 16 पुलिसकर्मी घायल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। राजधानी रायपुर में बुधवार का दिन राजनीतिक प्रदर्शन के नाम रहा। पहले कांग्रेस ने राहुल गांधी के समर्थन में प्रदर्शन किया। इसके बाद भाजपा ने कांग्रेस पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए रैली निकाली और कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन का घेराव करने के लिए मार्च किया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने शंकर नगर चौक से राजीव भवन की ओर मार्च किया। बैरिकेडिंग के एक ओर भाजपा कार्यकर्ता और दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की और झड़प हुई।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रायपुर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आँसू गैस के गोले छोड़े और वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। हालांकि, इस दौरान कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई।

प्रदर्शन के दौरान 16 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में एक महिला आरक्षक सहित दो पुलिस जवानों को गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही रायपुर के पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला रामकृष्णा केयर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

पूरे घटनाक्रम के दौरान राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment