सिक्किम के नामची जिले में NHPC के तीस्ता स्टेज-VI हाइड्रो-इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की निर्माणाधीन सुरंग में बड़ा हादसा हो गया। धमाके के बाद सुरंग का एक हिस्सा ढह गया, जिसमें 27 मजदूर फंस गए।
इस हादसे में अब तक 20 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। दो मजदूर किसी तरह सुरंग से बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि बाकी लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
NHPC के मुताबिक, सुरंग के अंदर चट्टानों के बीच फंसी मीथेन गैस में अचानक विस्फोट हुआ। इसके बाद सुरंग में धुआं और जहरीली गैस फैल गई, जिससे बचाव अभियान चलाने में काफी दिक्कत आ रही है।
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने मामले की जांच के लिए SIT बनाने का ऐलान किया है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।





