नई दिल्ली। राष्ट्रपति भवन में आयोजित सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ की एक और शख्सियत ने प्रदेश का गौरव बढ़ाया। बस्तर के दंतेवाड़ा जिले की समाजसेवी बुधरी ताती को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण और आदिवासी क्षेत्रों में उनके लंबे समय से किए जा रहे योगदान को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
बुधरी ताती वर्ष 1984 से वनांचल क्षेत्रों में सक्रिय हैं। उन्होंने अब तक 500 से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आदिवासी बच्चों की शिक्षा, महिलाओं के उत्थान और बुजुर्गों की सेवा के लिए उनका समर्पण उन्हें क्षेत्र में एक अलग पहचान दिलाता है।
स्थानीय लोग उन्हें स्नेहपूर्वक “बड़ी दीदी” के नाम से जानते हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में उन्हें पद्मश्री सम्मान प्रदान किया। बुधरी ताती की इस उपलब्धि को पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण माना जा रहा है।






