बिलासपुर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कबाड़ माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 83 क्विंटल 15 किलोग्राम अवैध कबाड़ जब्त किया है। इस कार्रवाई में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त कबाड़ में रेलवे संपत्ति से जुड़े लोहे के पार्ट्स भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान बिल्हा थाना पुलिस को सूचना मिली कि बिल्हा निवासी इमरान कुरैशी बड़ी मात्रा में संदिग्ध कबाड़ वाहन में लोड कर रहा है।
सूचना के आधार पर बिल्हा पुलिस और रेलवे विभाग की संयुक्त टीम ने इमरान कुरैशी के कबाड़ गोदाम में छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान और वाहनों से रेलवे लाइन के लोहे के लाइनर, चाबियां, एंगल, प्लेट, सरिए, लोहे के पाइप, कांटेदार तार समेत भारी मात्रा में कबाड़ बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से छोटा हाथी वाहन (CG10BP-3903) और पिकअप वाहन (CG10BZ-1208) भी जब्त किए। आरोपियों से जब्त सामान के वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 14 लाख 25 हजार 500 रुपये मूल्य का कबाड़ और वाहन जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- इमरान कुरैशी (38 वर्ष), बिल्हा
- मनीष सागर (21 वर्ष), बिल्हा
- राज साहू (20 वर्ष), केसला
- चंदन सवरा (40 वर्ष), बिल्हा
- बिरजू मरावी (19 वर्ष), बिल्हा
- रामअवतार सवरा (58 वर्ष), बिल्हा
- गोलू चौरसिया (19 वर्ष), बरतोरी
आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस, बीएनएस तथा रेल संपत्ति अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।







