नई दिल्ली से एक अहम राजनीतिक खबर सामने आई है, जहां आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपने राज्यसभा नेतृत्व में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने अपने युवा और चर्चित नेता राघव चढ्ढा को राज्यसभा के उपनेता पद से हटा दिया है।
उनकी जगह अब पंजाब से राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस संबंध में पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को आधिकारिक पत्र भेजकर जानकारी दी है।
दिलचस्प बात यह है कि पार्टी ने अपने इस फैसले के पीछे की वजह सार्वजनिक नहीं की है। हालांकि, पिछले कुछ समय से राघव चड्ढा पार्टी गतिविधियों से दूरी बनाए हुए नजर आ रहे थे और उन्होंने AAP के पक्ष में कोई सक्रिय राजनीतिक बयान भी नहीं दिया था।
अब नए उपनेता बनाए गए अशोक मित्तल की बात करें तो वे पंजाब के जालंधर से आते हैं और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक और चांसलर हैं। साल 2022 में वे राज्यसभा सांसद बने थे। राजनीति में आने से पहले वे एक सफल उद्योगपति के रूप में पहचान बना चुके हैं। उनका परिवार ‘लवली ग्रुप’ के नाम से ऑटोमोबाइल और मिठाई के कारोबार से जुड़ा रहा है।
AAP के इस फैसले को पार्टी के अंदरूनी समीकरणों और भविष्य की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। आने वाले समय में यह बदलाव पार्टी की राजनीति पर क्या असर डालेगा, इस पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।







