महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उसने फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट के जरिए ओमान में एंट्री की थी।
जानकारी के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर पहले संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में रह रहा था। भारतीय जांच एजेंसियों के अनुरोध पर जारी इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर रॉयल ओमान पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद भारत सरकार उसे वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है। इसके लिए ओमान सरकार के साथ प्रत्यर्पण (भारत भेजने) की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
फिलहाल सौरभ चंद्राकर को मस्कट के अल खौद डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। अपनी तरफ से केस लड़ने के लिए उसने वकीलों की एक टीम भी नियुक्त की है। वहीं, ओमान पुलिस फर्जी पासपोर्ट और अवैध तरीके से देश में प्रवेश करने के मामले की जांच कर रही है।





