बिलासपुर एयर कनेक्टिविटी को मिली रफ्तार: सांसद तोखन साहू के प्रयास रंग लाए, 4-C श्रेणी व नाइट लैंडिंग को मंजूरी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली/बिलासपुर।छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर के लिए हवाई संपर्क के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि सामने आई है। केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद श्री तोखन साहू के निरंतर प्रयासों से बिलासपुर एयरपोर्ट विस्तार परियोजना अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। एयरपोर्ट के उन्नयन के लिए 290.80 एकड़ भूमि के आवंटन के साथ ₹50.60 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है।

इस परियोजना के तहत बिलासपुर एयरपोर्ट को 4-C श्रेणी में अपग्रेड किया जाएगा, जिससे अब बड़े वाणिज्यिक विमानों के संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा। इसके साथ ही नाइट लैंडिंग सुविधा को भी सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है, जिससे फरवरी-मार्च से रात में विमानों की आवाजाही शुरू होने की संभावना है।

एयरपोर्ट विस्तार योजना में रनवे का विस्तार, आधुनिक नया टर्मिनल भवन और अन्य आवश्यक बुनियादी ढांचे के विकास को शामिल किया गया है। इससे न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

नेतृत्व के प्रति आभार

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने इसे सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से यह सपना साकार हो सका।

उन्होंने रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह का आभार जताया, जिनके सहयोग से सेना के अधीन भूमि को राज्य शासन को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया संभव हो पाई।

साथ ही मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का धन्यवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने वित्तीय स्वीकृति और प्रशासनिक अड़चनों को दूर करने में त्वरित निर्णय लिए।

इसके अलावा नागर विमानन मंत्री श्री राम मोहन नायडू के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने बिलासपुर की मांग को प्राथमिकता देते हुए 4-C श्रेणी की मंजूरी दी।

विकास को मिलेगी नई उड़ान

श्री साहू ने विश्वास जताया कि एयरपोर्ट विस्तार से बिलासपुर संभाग में निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे न केवल क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment