छत्तीसगढ़ विधानसभा का चौथा दिन आज: ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक समेत कई अहम प्रस्तावों पर होगी चर्चा

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का चौथा दिन आज कई महत्वपूर्ण विधेयकों, जनहित के मुद्दों और विपक्ष-सरकार के बीच तीखी बहस का गवाह बनेगा। सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी, जिसमें मंत्री राजेश अग्रवाल, रामविचार नेताम और ओपी चौधरी सदस्यों के सवालों का जवाब देंगे। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और दयालदास बघेल विभिन्न पत्रों को सदन के पटल पर रखेंगे।

आज सदन में छत्तीसगढ़ ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक को पारित किए जाने की संभावना है। इसके साथ ही उद्योग मंत्री औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन (संशोधन) अधिनियम पेश करेंगे। वहीं गृहमंत्री विजय शर्मा छत्तीसगढ़ अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा (संशोधन) विधेयक को पारित कराने के लिए सदन में प्रस्तुत करेंगे।

सत्र के दौरान 63 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव सूचीबद्ध हैं, जबकि 8 विधायक अपनी याचिकाएं सदन में प्रस्तुत करेंगे। विधायक सुशांत शुक्ला सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) से जुड़े मुद्दे पर सरकार को घेरेंगे, जिसका जवाब खाद्य मंत्री दयालदास बघेल देंगे।

इसके अलावा वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर राज्य में बढ़ते प्लास्टिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए अशासकीय संकल्प पेश करेंगे। वहीं विधायक सुशांत शुक्ला छत्तीसगढ़ में समर्पित खेल विश्वविद्यालय की स्थापना का प्रस्ताव सदन के समक्ष रखेंगे।

आज के विधानसभा सत्र में उद्योग, निवेश, आपातकालीन सेवाएं, पर्यावरण, खाद्य वितरण व्यवस्था और खेल शिक्षा जैसे अहम विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। ऐसे में पूरे प्रदेश की नजरें विधानसभा की कार्यवाही पर टिकी हुई हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment