रायपुर।छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में आज, 2 सितंबर को भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
बारिश के दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर आंधी चलने की संभावना भी है। ऐसे में लोगों को मौसम को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है।
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर में दिन का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
प्रदेश में सक्रिय मौसम प्रणाली के असर से अगले 24 घंटे बारिश के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। खासकर उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में भारी बारिश को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम खराब होने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और आंधी-तूफान व बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित जगह पर रहें।





