कैलाश मकवाना का रिटायरमेंट फाइनल! कौन होगा अगला डीजीपी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

भोपाल। मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना 30 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्त होंगे। इसके बाद प्रदेश पुलिस के नए मुखिया की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज हो गई है।

राज्य सरकार ने नए डीजीपी के चयन के लिए 12 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) को भेज दिए हैं। बताया जा रहा है कि नवंबर के पहले सप्ताह में आयोग की बैठक हो सकती है, जिसमें तीन अधिकारियों का पैनल तैयार किया जाएगा।

डीजीपी पद की दौड़ में होमगार्ड महानिदेशक प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव, जेल महानिदेशक वरुण कपूर और आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ के महानिदेशक उपेंद्र जैन के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं। यदि प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव को नियुक्त किया जाता है, तो मध्य प्रदेश को पहली महिला डीजीपी मिल सकती है।

गौरतलब है कि 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी कैलाश मकवाना ने 2 दिसंबर 2024 को प्रदेश के डीजीपी का पदभार संभाला था। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार डीजीपी को न्यूनतम दो साल के कार्यकाल के लिए नियुक्त किया जाता है, जिसके तहत उनकी सेवानिवृत्ति की तिथि 30 नवंबर 2026 तय हुई है।

इस बीच मकवाना की रिटायरमेंट तिथि को लेकर पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग में भी चर्चा रही, क्योंकि एक नोटशीट में इसे 2 दिसंबर बताया गया था। हालांकि, गृह विभाग का मानना है कि नए डीजीपी का कार्यकाल 1 दिसंबर से शुरू होगा और मकवाना की सेवानिवृत्ति 30 नवंबर को ही मानी जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment