वॉशिंगटन डी.सी. में आयोजित प्रतिष्ठित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर उस वक्त अचानक तनावपूर्ण माहौल में बदल गया, जब कार्यक्रम के दौरान गोली चलने जैसी आवाजें सुनाई दीं। इस हाई-प्रोफाइल इवेंट में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मंच पर मौजूद थे, जिन्हें तुरंत सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
घटना के बाद पूरे हॉल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा में तैनात यूएस सीक्रेट सर्विस ने बिना देर किए स्थिति को संभाला और तेजी से राष्ट्रपति को वहां से बाहर निकाला। उनके साथ उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे, जिन्हें भी सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रपति पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। वहीं, घटनास्थल से एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ जारी है।
इस बीच, कार्यक्रम में मौजूद लोगों के मोबाइल वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें तेज आवाज के बाद अचानक मची हलचल साफ देखी जा सकती है।
घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर प्रतिक्रिया देते हुए सुरक्षा एजेंसियों की सराहना की। उन्होंने लिखा कि एजेंसियों ने बेहद तेजी और बहादुरी से कार्रवाई की, और स्थिति पर तुरंत काबू पा लिया गया।



