रायपुर।छत्तीसगढ़ को राज्य बने 1 नवंबर को पूरे 26 वर्ष हो जाएंगे। इस अवसर पर हर साल की तरह इस बार भी नवा रायपुर में भव्य राज्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है। राज्योत्सव के मुख्य आकर्षणों में इस बार भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का एयर शो शामिल होगा।
2 नवंबर को सुबह 11 बजे नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध लेक क्षेत्र के ऊपर सारंग टीम के पांच स्वदेशी ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टर हवाई प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान पायलट सटीक उड़ान, समन्वित फॉर्मेशन और साहसिक हवाई करतब दिखाएंगे, जिससे दर्शकों को वायुसेना के कौशल का शानदार नजारा देखने को मिलेगा।
सारंग टीम छत्तीसगढ़ पहुंच चुकी है। एयर शो से पहले बुधवार को टीम के सदस्यों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से उनके निवास कार्यालय में मुलाकात की और उनका स्वागत किया गया। मुलाकात के दौरान टीम की यात्राओं, उपलब्धियों तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में वायुसेना की भूमिका पर भी चर्चा हुई।
ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में होने वाले इस एयर शो में दो महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल होंगी। टीम भारत में विकसित एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (ALH) ‘ध्रुव’ से प्रदर्शन करती है, जो देश की स्वदेशी विमानन तकनीक की क्षमता को भी दर्शाता है।






