नवा रायपुर को देश के अग्रणी हेल्थकेयर हब के रूप में विकसित करने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार को एक बड़ी उपलब्धि मिली है। बॉम्बे हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर द्वारा नवा रायपुर में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की स्थापना के लिए भूमि आवंटन और लीज से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में मंत्रालय स्थित महानदी भवन में नवा रायपुर विकास प्राधिकरण और बॉम्बे हॉस्पिटल ट्रस्ट के बीच 15 एकड़ भूमि का लीज समझौता संपन्न हुआ। इस भूमि पर करीब 680 करोड़ रुपये के निवेश से 300 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक अस्पताल विकसित किया जाएगा।
राज्य सरकार ने सितंबर 2025 में हेल्थ सेक्टर में निवेश के लिए प्रस्ताव आमंत्रित किए थे। इसके बाद महज चार महीनों के भीतर जमीन चिन्हांकन, प्रशासनिक स्वीकृति और रजिस्ट्री जैसी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गईं। यह प्रक्रिया राज्य की तेज, पारदर्शी और निवेशक-अनुकूल कार्यशैली को दर्शाती है।
नवा रायपुर में बनने वाले इस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में कार्डियोलॉजी, कैंसर उपचार, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, क्रिटिकल केयर और ऑर्गन ट्रांसप्लांट जैसी उन्नत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे प्रदेश के मरीजों को इलाज के लिए मुंबई, दिल्ली या अन्य महानगरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना से 500 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सों, तकनीशियनों, पैरामेडिकल स्टाफ के अलावा अन्य सहायक सेवाओं में भी युवाओं को रोजगार मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बॉम्बे हॉस्पिटल की स्थापना से नवा रायपुर को सेंट्रल इंडिया के प्रमुख हेल्थकेयर सेंटर के रूप में नई पहचान मिलेगी। यह परियोजना न केवल बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खोलेगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश को लेकर सरकार की नीतियों पर उद्योग जगत का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।
यह परियोजना छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास नीति 2024–30 के तहत स्वास्थ्य क्षेत्र को दिए जा रहे विशेष प्रोत्साहनों का प्रत्यक्ष परिणाम मानी जा रही है। इससे नवा रायपुर को आने वाले वर्षों में एक प्रमुख मेडिकल डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर शासन, उद्योग विभाग, नवा रायपुर विकास प्राधिकरण और बॉम्बे हॉस्पिटल ट्रस्ट के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।







