भिलाई में इन्वेस्टमेंट फ्रॉड का भंडाफोड़, सूर्या मॉल से चार गिरफ्तार, 60 लाख की ठगी उजागर

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

भिलाई: स्मृति नगर पुलिस ने इन्वेस्टमेंट फ्रॉड के बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए गुरुवार देर शाम सूर्या मॉल से चार आरोपितों को हिरासत में लिया। आरोपितों में महिलाएं भी शामिल हैं। शुरुआती जांच में लगभग 60 लाख रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है, हालांकि पुलिस का मानना है कि रकम इससे कहीं अधिक हो सकती है।

पुलिस के अनुसार, आरोपित लंबे समय से लोगों को कम समय में अधिक मुनाफा देने का झांसा देकर उनसे इन्वेस्टमेंट के नाम पर रुपये जमा करा रहे थे। धीरे-धीरे निवेशकों की संख्या बढ़ती गई और लाखों रुपये आरोपितों के खाते में जमा हो गए। ठगी की शिकायत मिलते ही पुलिस ने सूर्या मॉल में दबिश देकर चार लोगों को पकड़ लिया।

फिलहाल पुलिस आरोपितों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच में और कई लोगों के नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपितों ने ठगे गए रुपये किस तरह खर्च किए।

एसएसपी दुर्ग विजय अग्रवाल ने बताया कि अभी तक 60 लाख रुपये की गड़बड़ी की पुष्टि हुई है, लेकिन आगे जांच में ठगी की राशि करोड़ों में पहुंच सकती है।

गौरतलब है कि प्रदेश में शेयर ट्रेडिंग और इन्वेस्टमेंट के नाम पर आए दिन ठगी की घटनाएं सामने आ रही हैं। ठग मोटे लाभ का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसा लेते हैं। प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है, लेकिन लोगों को भी जागरूक रहना होगा और ऐसे लालच से बचना होगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment