विवादों के बीच राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी का दूसरा दिन, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू होंगे मुख्य अतिथि

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बालोद। सांसद बृजमोहन अग्रवाल और मंत्री गजेंद्र यादव के बीच चल रहे सियासी विवादों के बीच जिला मुख्यालय बालोद के समीप ग्राम दुधली में आयोजित प्रथम नेशनल रोवर रेंजर जंबूरी का शनिवार को दूसरा दिन है। विवादों के शोर के बीच आयोजन अपने तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रहा है।

9 से 13 जनवरी तक चलने वाली इस राष्ट्रीय जंबूरी के द्वितीय दिवस समारोह में आवास एवं शहरी मामलों के केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत स्काउट एंड गाइड्स के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खण्डेलवाल करेंगे।

कार्यक्रम में विशेष अतिथियों के रूप में पद्मश्री लोक कलाकार डोमर सिंह कंवर, भारत स्काउट गाइड्स के राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा, राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवलाल ठाकुर, नगर पंचायत डौंडीलोहारा के अध्यक्ष लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम, स्काउट गाइड्स के कोषाध्यक्ष हेमंत देवांगन, जनपद सदस्य कौशल्या रावटे एवं ग्राम पंचायत दुधली के उप सरपंच मोहित देशमुख उपस्थित रहेंगे।

राष्ट्रीय रोवर रेंजर जंबूरी के दूसरे दिन विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों द्वारा कलर पार्टी, फॉग डांस, एथनिक फैशन शो, वाटर स्पोर्ट्स, एडवेंचर एरिया और बौद्धिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा सभी सब-कैम्पों में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि आयोजन से पहले और आयोजन के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल और मंत्री गजेंद्र यादव के बीच उपजे विवादों ने जंबूरी को राजनीतिक चर्चा का विषय बना दिया है। हालांकि आयोजक समिति का कहना है कि विवादों के बावजूद राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन की गरिमा और उद्देश्य को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment