शराब के लिए पैसे न मिलने पर बेटा हुआ बेकाबू, पिता की किराना दुकान फूँक डाली

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र के जलसो गाँव में शराब के लिए पैसे माँगने का मामला गंभीर घटनाक्रम में बदल गया। वृद्ध लल्लू लाल श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा राजेश श्रीवास्तव लंबे समय से शराब का आदी है और आए दिन पैसों की माँग को लेकर घर में विवाद करता रहता है। राजेश अपने पिता से शराब पीने और मोटरसाइकिल बनवाने के लिए पैसे माँगने घर पहुँचा। पिता ने उसे समझाते हुए पाँच सौ रुपए दिए, लेकिन राजेश की मांग यहीं नहीं रुकी। कुछ देर बाद वह अपने साथी मुरली तिकरी के साथ फिर घर आया और दोबारा शराब के लिए पैसे माँगने लगा। मना करने पर दोनों ने लल्लू लाल से गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और मारपीट भी की।

स्थिति तब और बिगड़ गई जब पैसे न मिलने पर राजेश और उसका साथी गुस्से में आग-बबूला हो गए और रात में लल्लू लाल की किराना दुकान में आग लगा दी। देखते ही देखते दुकान में रखा लगभग सत्तर हजार रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।

पीड़ित की शिकायत पर कोनी पुलिस तुरंत हरकत में आई और जलसो गाँव में दबिश देकर राजेश श्रीवास्तव और मुरली तिकरी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment