रायपुर:छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए साल 2026 सरकारी नौकरी के लिहाज़ से बेहद खास साबित होने जा रहा है। राज्य व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) ने वर्ष 2026 के लिए भर्ती परीक्षाओं का विस्तृत कैलेंडर जारी कर दिया है। इस कैलेंडर के मुताबिक शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य, तकनीकी और अन्य विभागों में 12 हजार से अधिक पदों पर सरकारी भर्ती की जाएगी।
CG Vyapam द्वारा जारी इस शेड्यूल से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। खास बात यह है कि इस बार सबसे बड़ी भर्ती शिक्षा विभाग में होने जा रही है, जहां हजारों शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
शिक्षा विभाग में बंपर भर्ती
प्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए सरकार पहले ही 5000 शिक्षकों की भर्ती की घोषणा कर चुकी है, जिसे वित्त विभाग की मंजूरी भी मिल चुकी है। अब व्यापमं इसके लिए परीक्षाओं की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में जुट गया है। इन भर्तियों में स्थानीय अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
फरवरी में होगी CG TET
CG Vyapam के परीक्षा कैलेंडर के अनुसार 1 फरवरी 2026 को छत्तीसगढ़ शिक्षक पात्रता परीक्षा (CG TET) आयोजित की जाएगी। TET पास करने वाले अभ्यर्थी ही आगामी शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। टीईटी के बाद लगभग 5000 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति का रास्ता साफ होगा।
जनवरी से मार्च: तकनीकी और स्वास्थ्य विभाग में मौके
2026 की शुरुआत से ही व्यापमं की परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
- 11 जनवरी 2026: पर्यावरण संरक्षण मंडल में रसायनज्ञ पद की परीक्षा
- 8 फरवरी 2026: NRDA में उप अभियंता (सिविल)
- 1 मार्च 2026: मुद्रण एवं लेखन सामग्री विभाग में DTP ऑपरेटर (समूह-3)
- 8 मार्च 2026: मेकेनिक कम इलेक्ट्रिशियन सहित तकनीकी पद (समूह-2)
- 15 मार्च 2026: जल संसाधन विभाग में सहायक मानचित्रकार
- 22 मार्च 2026: पर्यावरण मंडल में प्रयोगशाला सहायक ग्रेड-2
अप्रैल से जून: पुलिस, स्वास्थ्य और न्यायालय में भर्तियां
- 12 अप्रैल 2026: स्वास्थ्य संचालनालय में फार्मासिस्ट ग्रेड-2
- 19 अप्रैल 2026: परिवहन विभाग में परिवहन आरक्षक
- 26 अप्रैल 2026: मंडी बोर्ड में उप निरीक्षक
- 28 जून 2026: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में डाटा एंट्री ऑपरेटर
जुलाई से दिसंबर: पुलिस, मंत्रालय और क्लर्क भर्ती
साल का दूसरा हिस्सा खास तौर पर पुलिस और लिपिकीय पदों की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अहम रहेगा।
- 5 जुलाई 2026: सहकारिता विभाग में उप अंकेक्षक
- 12 जुलाई 2026: गृह विभाग में ASI (एम)
- 19 जुलाई 2026: नगर सेना में फायरमैन
- 4 अक्टूबर 2026: राज्य पात्रता परीक्षा (SET)
- 13 दिसंबर 2026: स्टेनोग्राफर संयुक्त भर्ती
- 30 दिसंबर 2026: सहायक ग्रेड-3 (क्लर्क) परीक्षा
युवाओं के लिए बड़ा मौका
CG Vyapam का 2026 का यह कैलेंडर साफ संकेत देता है कि आने वाला साल छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का बड़ा अवसर लेकर आ रहा है। समय रहते सही रणनीति और तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए यह साल करियर की दिशा बदल सकता है।



