छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नक्सलियों की एक गंभीर साजिश को विफल करते हुए जंगलों से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। यह बरामदगी थाना शोभा और थाना पायलीखण्ड (जुगाड़) क्षेत्र के साईबीनकछार, कोदेमाली और भूतबेड़ा के जंगल इलाकों से की गई है। नक्सलियों ने पुलिस पार्टी पर हमले की योजना बनाते हुए IED ब्लास्ट की तैयारी कर रखी थी, लेकिन समय रहते सुरक्षा बलों ने उनकी चाल को नाकाम कर दिया।
पुलिस को स्थानीय मुखबिरों से सूचना मिली थी कि नक्सली संगठन जंगल में आईईडी बनाने की सामग्री छिपाकर रखे हुए हैं। जानकारी मिलते ही ऑपरेशन ग्रुप E-30 की संयुक्त टीम, थाना शोभा और पायलीखण्ड पुलिस के साथ जंगल में सर्च अभियान पर निकली। बीडीएस टीम की मदद से संदिग्ध स्थानों की गहन जांच की गई।
सर्च ऑपरेशन के दौरान तीन अलग-अलग स्थानों पर जमीन के नीचे दबाकर रखी गई सामग्री बरामद हुई। खुदाई करने पर नक्सलियों द्वारा सुरक्षित तरीके से छिपाई गई भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, कुल 14 प्रेशर कुकर, इलेक्ट्रिक वायर, पटाखे, आईईडी बनाने के अन्य सामान और राशन सामग्री मिली। पुलिस का मानना है कि नक्सली इस सामग्री का उपयोग सुरक्षाबलों को नुकसान पहुँचाने के उद्देश्य से बड़े हमले में करने की तैयारी कर रहे थे।
पुलिस टीम ने मौके से बरामद सामग्री को सुरक्षित प्रोटोकॉल के तहत कब्जे में लेकर नष्ट करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई न केवल एक बड़े हमले को टालने में सहायक सिद्ध हुई, बल्कि इससे यह भी स्पष्ट हो गया है कि नक्सली अभी भी क्षेत्र में सक्रिय हैं और बड़ी वारदात की फिराक में थे।
यह अभियान सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। इससे न केवल नक्सलियों की योजनाओं पर पानी फिरा है, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों में भी पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। पुलिस ने कहा है कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति बहाल की जा सके।



