मेरी राजनीतिक हत्या की साजिश हुई, लेकिन मैं नहीं झुका — महुआ में गरजे चिराग पासवान

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बुधवार को बिहार के महुआ विधानसभा क्षेत्र के कुशहर मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि “मेरी राजनीतिक हत्या की कोशिश की गई थी, लेकिन मैं नहीं झुका। मैंने ‘फर्स्ट बिहारी, फर्स्ट’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का निर्णय लिया।”

यह सभा एलजेपी (रामविलास) के प्रत्याशी संजय कुमार सिंह के समर्थन में आयोजित की गई थी। कार्यक्रम में भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जनार्दन सिंह सिग्रीवाल समेत एनडीए के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

चिराग पासवान ने जनसभा में कहा, “अगर महुआ की जनता संजय सिंह को विधायक बनाती है, तो मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ बैठकर इस क्षेत्र की हर समस्या पर चर्चा करूंगा। लेकिन अगर आप विपक्ष को चुनते हैं, तो वे हमेशा यही कहेंगे कि सदन में हमारी बात कोई नहीं सुनता।”

उन्होंने लोगों से एनडीए उम्मीदवार संजय सिंह के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए कहा कि जो लोग उनकी राजनीतिक यात्रा रोकना चाहते थे, वे असफल रहे। चिराग ने कहा कि उन्होंने ‘फर्स्ट बिहारी, फर्स्ट’ का नारा सिर्फ दिया नहीं, बल्कि उसे अपने काम से साबित भी किया है।

चिराग पासवान ने कहा, “वैशाली जिले में कई विकास योजनाओं को साकार करने का प्रयास जारी है। हमने हर वर्ग के उत्थान के लिए काम किया है और आने वाले समय में बिहार को विकास के नए पथ पर ले जाने का लक्ष्य रखा है।”

गौरतलब है कि महुआ विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला बेहद रोचक है। तेज प्रताप यादव अपनी नई पार्टी से मैदान में हैं, जबकि सिटिंग विधायक मुकेश रोशन राजद के टिकट पर एक बार फिर किस्मत आजमा रहे हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment