खून से सना घर, पति-पत्नी की धारदार हथियार से हत्या; गांव में मचा कोहराम

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

 

खैरागढ़ जिले के अतारिया गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को हिला दिया। गांव के ही एक घर में पति-पत्नी की लहूलुहान लाशें मिलने से आसपास के लोग सहम गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किसी अज्ञात आरोपी ने घर में घुसकर धारदार हथियार से दोनों की बेरहमी से हत्या की।

मृतक दंपती की पहचान 55 वर्षीय बाबूलाल शोरी और उनकी पत्नी सुनती बाई शोरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पत्नी की लाश घर के आंगन में जबकि पति का शव कमरे के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला। इस वारदात को अंजाम तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास के लोगों और पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके। अभी तक आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि मामले को जल्द सुलझा लिया जाएगा।

इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में गुस्सा और डर दोनों दिखाई दे रहे हैं। पुलिस की टीमें इलाके में लगातार पूछताछ और छानबीन में जुटी हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment