रायपुर। रायपुर की जामा मस्जिद ट्रस्ट कमेटी में मुतवल्ली चुनाव को लेकर चल रहे विवाद में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने फिलहाल ब्रेक लगा दिया है। कोर्ट ने वक्फ बोर्ड की ओर से 4, 5 और 7 मई को जारी किए गए आदेश और नोटिस पर रोक लगा दी है।
इस मामले में जोया खान ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि चुनाव की प्रक्रिया नियमों के मुताबिक नहीं चल रही है और इसमें मनमानी की जा रही है। मामले की सुनवाई जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की कोर्ट में हुई।
दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद कोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए विस्तृत सुनवाई की जरूरत बताई। अब इस केस की अगली सुनवाई जून के चौथे सप्ताह में होगी। तब तक चुनाव प्रक्रिया से जुड़े आदेशों पर रोक जारी रहेगी।





