भिलाई: सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र (जेएलएनएचआरसी) में 5 से 11 अक्टूबर तक ‘अंतर्राष्ट्रीय संक्रमण निवारण सप्ताह 2025’ का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य संक्रमण नियंत्रण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, रोगियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देना है। इस वर्ष का वैश्विक थीम “Stand UPPPP for Infection Prevention – Unite, Protect, Prevent and Prevail (एकजुट हों, सुरक्षा करें, रोकथाम करें और प्रबल बनें)” है, जो स्वास्थ्य क्षेत्र में एकता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को उजागर करता है।

सप्ताहव्यापी कार्यक्रम की शुरुआत 7 अक्टूबर को मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. विनीता द्विवेदी द्वारा की गई। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर और डॉ. उदय कुमार उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ संक्रमण नियंत्रण पर आधारित जागरूकता पोस्टर के विमोचन से हुआ, जिसके बाद ओपीडी परिसर में चिकित्सालय की विभिन्न इकाइयों के बीच पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्रों और कर्मचारियों ने इस विषय पर रचनात्मक पोस्टर प्रस्तुत कर संक्रमण रोकथाम का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं प्रभारी (गुणवत्ता प्रबंधन विभाग) डॉ. अनिरुद्ध मेने, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं चेयरपर्सन (इन्फेक्शन कंट्रोल कमेटी) डॉ. संबिता पांडा, नर्सिंग स्टाफ, गुणवत्ता प्रबंधन विभाग की प्रतिनिधि सुश्री बीना जोस, जूनियर मैनेजर श्रीमति रेज्जी वेणुगोपाल सहित चिकित्सालय स्टाफ और छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

डॉ. विनीता द्विवेदी ने कहा कि हाथों की स्वच्छता जैसे सरल उपाय संक्रमण नियंत्रण की दिशा में अत्यंत प्रभावी हैं, और महामारी के दौरान अपनाई गई सावधानियों को निरंतर बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर ने अस्पतालों में आगंतुक नियंत्रण को संक्रमण के प्रसार की रोकथाम में आवश्यक बताते हुए सजगता की अपील की, वहीं डॉ. उदय कुमार ने अवसरवादी संक्रमणों की रोकथाम हेतु अनुशासन और सतत जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर अपोलो कॉलेज ऑफ नर्सिंग के विद्यार्थियों ने संक्रमण रोकथाम और नियंत्रण पर आधारित एक आकर्षक नाट्य प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित दर्शकों को जागरूक और प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आकांक्षा, मुख्य सलाहकार (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं–कैजुअल्टी) ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन सुश्री अनुजा सक्सेना, सहायक प्रबंधक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) द्वारा प्रस्तुत किया गया।

इस सप्ताह के दौरान 9 अक्टूबर को “वयस्क टीकाकरण” विषय पर सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) व्याख्यान और 10 अक्टूबर को हाउसकीपिंग स्टाफ हेतु प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 11 अक्टूबर को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ सप्ताह का समापन होगा, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा और संक्रमण नियंत्रण प्रथाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु ‘सर्वश्रेष्ठ हाउसकीपर पुरस्कार’ भी प्रदान किया जाएगा।
गौरतलब है कि जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र की संक्रमण नियंत्रण समिति के तत्वावधान में वर्ष 2012 से प्रतिवर्ष यह अंतर्राष्ट्रीय संक्रमण निवारण सप्ताह आयोजित किया जा रहा है, जो अस्पताल में संक्रमण मुक्त वातावरण और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में सतत प्रयासों का प्रतीक बन चुका है।







