रायगढ़ में दोहरी हत्या से सनसनी: 80 वर्षीय महिला और दामाद की गला घोंटकर हत्या, बेटी गंभीर रूप से घायल; पैसों के लेन-देन पर शक

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रायकेरा गांव में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक दोहरे हत्या कांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, गांव की 80 वर्षीय वृद्धा सुकमेत सिदार और उनके दामाद लक्ष्मण सिदार की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वहीं, सुकमेत सिदार की बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्राथमिक जांच में पुलिस ने एक महिला सहित दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। बताया जा रहा है कि पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद इस हत्या की मुख्य वजह हो सकती है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या से पहले घर में तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद आरोपियों ने गला दबाकर वृद्धा और उसके दामाद की हत्या कर दी। पूरे क्षेत्र में इस निर्मम हत्या से दहशत का माहौल है। गांव के लोगों में भी इस वारदात को लेकर आक्रोश और भय व्याप्त है।

पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही जांच पूरी कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment