चरित्र संदेह में उतारा पत्नी को मौत के घाट, पति ने कुल्हाड़ी से किया बेरहमी से हमला

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने चरित्र संदेह के चलते अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी। यह दिल दहला देने वाली घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के बरपाली गांव की है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी पति चैतराम धनवार अपनी पत्नी बंधन बाई के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर चैतराम ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में महिला की गर्दन पर गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही ढेर हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि जब महिला की चीखें सुनी गईं तो लोग मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने बंधन बाई को खून से लथपथ हालत में देखा। ग्रामीणों ने तुरंत गांव के कोटवार को सूचना दी। कोटवार के माध्यम से पुलिस को घटना की खबर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चैतराम को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। आरोपी पति मजदूरी का काम करता है और चरित्र को लेकर पत्नी से अक्सर विवाद करता था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।

यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि शक और अविश्वास किस तरह रिश्तों को खत्म कर देते हैं। छोटी-छोटी बातों पर हिंसा का रास्ता अपनाना समाज के लिए खतरनाक संकेत है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment