रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रशासनिक सेवा में बड़े बदलाव के तहत राज्य सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विकास शील (1994 बैच) को प्रदेश का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है।
प्रदेश के वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन (1989 बैच) 30 सितम्बर 2025 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके स्थान पर विकास शील को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 25 सितम्बर को जारी आदेश के अनुसार, वे 1 अक्टूबर से औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे।

मनीला से रायपुर वापसी के बाद नई जिम्मेदारी
गौरतलब है कि विकास शील पिछले कुछ वर्षों से एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB), मनीला में निदेशक पद पर प्रतिनियुक्ति पर तैनात थे। केंद्र सरकार ने हाल ही में उनकी प्रतिनियुक्ति समाप्त कर प्रदेश कैडर में वापसी का आदेश दिया था। इसके बाद से ही उनकी नियुक्ति को लेकर चर्चाएं तेज थीं और अब राज्य सरकार ने उन्हें मुख्य सचिव बनाकर अटकलों पर विराम लगा दिया है।
प्रशासनिक हलकों में उत्साह
विकास शील की छत्तीसगढ़ वापसी और उन्हें राज्य का शीर्ष प्रशासकीय पद मिलने से नौकरशाही और राजनीतिक गलियारों में उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि उनके लंबे अनुभव और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम करने की पृष्ठभूमि से राज्य को प्रशासनिक दृष्टि से नई दिशा मिलेगी।







