बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच बुधवार, 6 अगस्त 2025 को भीषण मुठभेड़ हुई। इस दौरान सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में एक नक्सली मारा गया है। घटनास्थल से एक नक्सली का शव और हथियार बरामद किए गए हैं।
यह मुठभेड़ तब शुरू हुई जब डीआरजी और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने नक्सल विरोधी सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस के अनुसार, जंगल के भीतर माओवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई शुरू की गई थी। मुठभेड़ अब भी जारी है और दोनों ओर से भारी फायरिंग हो रही है।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने जानकारी दी कि सुरक्षाबल अभी भी इलाके में मौजूद हैं और ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी। इस मुठभेड़ में कई अन्य नक्सलियों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।
गौरतलब है कि 2025 में अब तक छत्तीसगढ़ में कुल 227 नक्सली मुठभेड़ों में मारे जा चुके हैं, जिनमें से अधिकतर कार्रवाई बस्तर संभाग में हुई है। यह घटना राज्य की नक्सल विरोधी रणनीति के तहत एक और बड़ी सफलता मानी जा रही है।







