खेत में ट्रैक्टर चलाते नजर आए बस्तर सांसद महेश कश्यप, सादगी की हो रही चर्चा

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

जगदलपुर।मानसून की पहली बारिश के साथ ही किसान अपने खेतों में जुट गए हैं। इसी बीच बस्तर संसदीय क्षेत्र से एक खास और प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। बस्तर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेश कश्यप राजनीति की भागदौड़ से दूर एक आम किसान की तरह खेतों में मेहनत करते नजर आए। वे खुद ट्रैक्टर चलाकर अपने खेत की जोताई कर रहे हैं।

सांसद महेश कश्यप का परिवार कई पीढ़ियों से खेती-किसानी से जुड़ा हुआ है। पुरखों से चली आ रही इस परंपरा को उन्होंने सांसद बनने के बाद भी कायम रखा है। आज के दौर में जहां कई जनप्रतिनिधि जमीन से दूर हो जाते हैं, वहीं महेश कश्यप आज भी अपने परिवार के साथ खेतों में काम करते हैं।

वे जोताई से लेकर रोपाई, बोआई, निराई-गुड़ाई और फसल कटाई तक के काम में हिस्सा लेते हैं। सांसद महेश कश्यप का कहना है कि खेती ही उनकी पहचान है और मिट्टी से जुड़ाव उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने कहा कि पद और जिम्मेदारियां आती-जाती रहती हैं, लेकिन इंसान को अपनी जड़ों और मूल काम को कभी नहीं भूलना चाहिए। बस्तर का विकास और यहां के किसानों की खुशहाली उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

बस्तर के लोगों और किसानों के बीच सांसद का यह सादा और जमीन से जुड़ा अंदाज चर्चा में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपने सांसद को खेतों में एक आम किसान की तरह काम करते देखना गर्व की बात है। इससे साफ दिखता है कि वे सही मायनों में माटीपुत्र हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment