अजय चंद्राकर का तीखा पलटवार: राहुल गांधी की तरह बिना सोचे नहीं बोलता, कांग्रेस को राजनीति के लिए नया मुद्दा तलाशना चाहिए

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

धमतरी: वरिष्ठ भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। धमतरी जिले के कुरुद से विधायक चंद्राकर ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा कि वे राहुल गांधी की तरह बिना सोचे-समझे बयान नहीं देते। उन्होंने लिखा कि कांग्रेस को राजनीति के लिए कोई और मुद्दा ढूंढना चाहिए क्योंकि भाजपा की आंतरिक बातें उनके समझ से बाहर हैं।

चंद्राकर ने आगे कहा कि उन्होंने भाजपा मंच पर सिर्फ इतना कहा था कि “पार्टी की सेवा में कोई व्यक्तिगत सम्मान नहीं होना चाहिए। अगर किया भी जा रहा है तो प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव को मिलना चाहिए, जिनकी प्रेरणा से पार्टी ने सदस्यता का लक्ष्य हासिल किया।”

संगठन विहीन हो गई है कांग्रेस: अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उस पार्टी में अब संगठन नाम की कोई चीज शेष नहीं बची है। जब संगठन ही नहीं है, तो भावनाएँ और अनुशासन भी नहीं हो सकते। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह केवल सोशल मीडिया पर ओछी राजनीति कर रही है।

“मुद्दाविहीन पार्टी बन गई है कांग्रेस”: बीजेपी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता चंद्राकर ने कांग्रेस को मुद्दाविहीन पार्टी बताया। उन्होंने बिना राहुल गांधी का नाम लिए सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी का हवाला देते हुए कहा कि “क्या आपके पास सबूत हैं कि चीन ने 2000 वर्गमील जमीन कब्जाई है?” कोर्ट से बार-बार फटकार खाने वाली कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस की बातों को गंभीरता से नहीं लिया जा सकता।

परिवारवाद पर भी हमला: चंद्राकर ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित और राष्ट्रवादी संगठन है जहाँ देशहित सर्वोपरि होता है। इसके विपरीत कांग्रेस आज भी परिवारवाद में उलझी हुई है, जहाँ सदस्य सेवक बनकर रह जाते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब ये लोग बोलते हैं, तो या मानहानि का मामला बनता है या कोर्ट की डांट मिलती है।

क्या कहा था कांग्रेस ने?
कांग्रेस ने अजय चंद्राकर की हालिया बयानबाजी को लेकर भाजपा पर तंज कसते हुए कहा था कि “भाजपा के राहु कहे जाने वाले चंद्राकर ने अजय जामवाल और किरणदेव को मंच पर खरी-खोटी सुनाई और दिया गया सम्मान लौटा दिया।”

कांग्रेस ने व्यंग्य करते हुए यह भी कहा, “कभी 3 टके का सेवक भी डरता था, अब तो मंत्रालय तक नहीं मिला। जले पर नमक छिड़कने के लिए अजय दाऊ को सदस्यता अभियान का तम्बूरा पकड़ा दिया गया है।”

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment