आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और मशहूर अभिनेता पवन कल्याण अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘हरि हर वीर मल्लु’ को लेकर चर्चा में हैं। यह फिल्म न सिर्फ एक ऐतिहासिक रोमांचक कथा है, बल्कि इसमें कोहिनूर हीरे की लूट और मुगल शासक औरंगजेब के अत्याचारों की सच्चाई भी सामने लाई जाएगी।
पवन कल्याण ने हाल ही में एक साक्षात्कार में बताया कि वह इस फिल्म से कई वर्षों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म का कॉन्सेप्ट और ऐतिहासिक गहराई ने उन्हें बेहद प्रभावित किया। खासकर कोहिनूर की यात्रा और उससे जुड़ी साजिशें फिल्म का मुख्य आकर्षण हैं।
उन्होंने बताया कि “मयूर सिंहासन से कोहिनूर की चोरी, कोल्लूर की खदानों से निज़ाम और फिर मुगलों के हाथों में इसका पहुंचना, यह सब दर्शकों के सामने लाया जाएगा। फिल्म में दिखाया जाएगा कि कैसे उस दौर में हिंदुओं को टैक्स देना पड़ता था, संगीत और कलाओं पर रोक थी और जनता पर अमानवीय जुल्म ढाए जाते थे।”
कोविड-19 की लहरों के कारण फिल्म में देरी हुई, लेकिन अब यह 25 जुलाई को रिलीज के लिए तैयार है।
फिल्म में पवन कल्याण के साथ निधि अग्रवाल, बॉबी देओल, नरगिस फाखरी, नोरा फतेही, सत्यराज और अनसूया भारद्वाज जैसे कलाकार नज़र आएंगे।
यह फिल्म इतिहास के उन अनछुए पहलुओं को दर्शाने जा रही है, जो आज भी समाज को झकझोर देते हैं।



