छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में एक बड़े स्तर की सुरक्षा चूक सामने आई है, जब भाजपा विधायक और अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गुरु खुशवंत साहेब की गाड़ी पर अचानक हमला हुआ। यह घटना उस समय हुई, जब विधायक एक सामाजिक कार्यक्रम से लौट रहे थे।
विधायक गुरु खुशवंत साहेब नवागढ़ में आयोजित एक सामुदायिक कार्यक्रम में सम्मिलित हुए थे। कार्यक्रम समाप्ति के बाद शाम लगभग 7 बजे, वे रायपुर की ओर प्रस्थान कर रहे थे। इसी बीच चारभांठा होलिया और भोंडाभोंठा गांवों के बीच स्थित बायपास मार्ग पर असामाजिक तत्वों ने उन पर पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में उनकी कार का अगला शीशा टूट गया, लेकिन विधायक सुरक्षित रहे और किसी प्रकार की शारीरिक चोट नहीं आई ।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है और संदिग्धों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करने की कवायद हो रही है। विधायक ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह घटना कानून व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गहरा सवाल खड़ा करती है। न केवल विधायक की, बल्कि आम जनता की भी सुरक्षा कर्यवस्थाओं की समीक्षा की जरूरत है। सत्ताधारी प्रशासन पर यह जिम्मेदारी बनती है कि वह जल्द से जल्द दोषियों को ट्रेस कर कानून के हाथों सौंपे, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं न हों।



