यूक्रेन पर रूस के 100 से अधिक ड्रोन हमले, 10 की मौत; रूसी परिवहन मंत्री पद से हटाए गए

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रूस ने रविवार रात यूक्रेन के नागरिक इलाकों पर भीषण ड्रोन हमले किए। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, 100 से ज्यादा ड्रोन से हुए इन हमलों में अब तक 10 लोगों की मौत और 38 से अधिक घायल हो चुके हैं। इन हमलों के बीच रूस ने अपने परिवहन मंत्री रोमन स्तारोवोयत को बर्खास्त कर दिया, जबकि देश के कई हवाई अड्डों से सैकड़ों उड़ानों को सुरक्षा कारणों से रद्द करना पड़ा।

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि रूस लगातार मिसाइल और ड्रोन हमलों में इज़ाफा कर रहा है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन अब बड़ी संख्या में इंटरसेप्टर ड्रोन बना रहा है जो रूसी ‘शाहेद’ ड्रोन को निष्क्रिय कर सकते हैं। बीते एक सप्ताह में रूस ने 1270 ड्रोन, 39 मिसाइलें और करीब 1000 ग्लाइड बम दागे हैं।

यूक्रेन के रक्षा सूत्रों के अनुसार, रूस की सेना लगभग 1000 किलोमीटर लंबी सीमा रेखा पर घुसपैठ की कोशिश कर रही है। इससे निपटने के लिए यूक्रेन ने अमेरिका और यूरोपीय देशों से और अधिक सैन्य सहायता की मांग की है।

जेलेंस्की ने जानकारी दी कि यूक्रेन ने एक बड़ी अमेरिकी रक्षा कंपनी और यूरोपीय देशों के साथ मिलकर ड्रोन निर्माण बढ़ाने के समझौते किए हैं। इस वर्ष लाखों ड्रोन मिलने की उम्मीद है, जिससे अग्रिम मोर्चे पर सैनिकों की कमी की भरपाई हो सकेगी।

ओडेसा, खारकीव और कीव सहित कई शहरों में नागरिक इलाकों में भी नुकसान हुआ है। सूमी और डोनेत्स्क क्षेत्र में भी कई नागरिक मारे गए हैं। वहीं, रूस के रक्षा मंत्रालय का दावा है कि उन्होंने 91 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया है।

हालांकि, रूसी परिवहन मंत्री को हटाने का कारण साफ़ नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि ड्रोन हमलों की वजह से देश की हवाई सेवाओं में आई अव्यवस्था इसका कारण हो सकती है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment