यूक्रेन पर रूस के ताजा हवाई हमलों ने एक बार फिर दोनों देशों के बीच चल रहे युद्ध को और हिंसक बना दिया है। सोमवार देर रात रूस ने यूक्रेन की जेल और चिकित्सा संस्थानों को निशाना बनाते हुए मिसाइलें और ग्लाइड बम दागे। इन हमलों में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई और 80 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी जापोरिजिया क्षेत्र की एक जेल पर चार बम गिराए गए, जिसमें 17 कैदियों की जान चली गई। जेल का भोजन कक्ष पूरी तरह तबाह हो गया और अन्य प्रशासनिक इमारतों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा। हालांकि जेल की सुरक्षा दीवारें सुरक्षित रहीं और कोई कैदी फरार नहीं हुआ।
इसके साथ ही ड्नीप्रो क्षेत्र में रूस ने एक तीन मंजिला इमारत और पास के मेडिकल संस्थानों पर भी मिसाइलें दागीं। इनमें एक प्रसूति अस्पताल और एक अन्य अस्पताल वार्ड को नुकसान पहुंचा। इस हमले में 4 नागरिकों की मौत हुई, जिनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल है।
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने देशभर के 73 शहरों, गांवों और कस्बों को टारगेट किया। उन्होंने हमलों को “जानबूझकर की गई क्रूरता” बताते हुए इसे युद्ध अपराध करार दिया।
यूक्रेनी वायुसेना के अनुसार, रूस ने दो बैलिस्टिक मिसाइलें, 37 शाहेड ड्रोन और कई डिकोय ड्रोन से हमला किया। इनमें से 32 ड्रोन को यूक्रेनी डिफेंस सिस्टम ने मार गिराया।
इन हमलों के जवाब में यूक्रेन ने भी पलटवार किया। उसने लंबी दूरी के ड्रोन का प्रयोग कर रूस के तेल डिपो और हथियार निर्माण ठिकानों को निशाना बनाया। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसने 74 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए, जिनमें से 43 ब्रायंस्क क्षेत्र में थे।
रूस के साल्स्क शहर में ड्रोन हमले से एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि रेलवे स्टेशन पर आग लगने से यात्री ट्रेन और मालगाड़ी को नुकसान पहुंचा। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और रेल यातायात अस्थायी रूप से रोका गया है।







